कोरोनावायरस : देश प्रमुख बंदरगाहों पर यात्रियों की जांच

नई दिल्ही/वुहान
चीन के वुहान प्रांत से फैले कोरोनावायरस का कहर पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। भारत समेत कई देशों में इस जानलेवा वायरस के मामले सामने आ चुके हैं। कोरोनावायरस से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर शुक्रवार को 722 हो गई और कुल 34,546 लोगों के इससे संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग ने बताया कि इस विषाणु के कारण शुक्रवार को 86 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 81 लोगों की मौत हुबेई प्रांत और उसकी प्रांतीय राजधानी वुहान में हुई। इसके अलावा हीलॉन्गजियांग में दो, बीजिंग, हेनान आौर गांन्सु में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। आयोग ने बताया कि शुक्रवार को 26 लोगों के इस विषाणु से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। मकाउ में 10 और ताइवान में 16 मामले दर्ज किए गए।
12 प्रमुख बंदरगाहों पर यात्रियों की जांच
सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने देश की सभी 12 प्रमुख बंदरगाहों को कोरोनावायरस के प्रकोप के खिलाफ निवारक उपाय के रूप में समुद्री यात्रियों और क्रूज यात्रियों की स्क्रीनिंग, अलग वार्ड में रखना और डिटेक्शन जैसे आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने राज्यसभा में बताया कि सरकार ने चीन, सिंगापुर, थाईलैंड और हांगकांग से आने वाले सभी लोगों की जांच कराने का फैसला किया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख ने शुक्रवार को चेताया कि कोरोनावायरस को फैलने से रोकने वाले मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों की दुनियाभर में कमी हो रही है। तेदरोस अदहानोम गेब्रेयसस ने जिनेवा में डब्ल्यूएचओ के कार्यकारी बोर्ड को बताया, विश्व व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण की भारी कमी का सामना कर रहा है।