दिल्ली चुनाव नतीजों पर बोले हेमंत सोरेन

रांची
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की प्रचंड जीत के लिए आप के संरक्षक अरविंद केजरीवाल को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि देश में सकारात्मक राजनीति की शुरुआत हो चुकी है, इसका परिणाम अब दिखाई देने लगा है।
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष सोरेन ने संवाददाताओं से कहा कि दिल्ली की जनता ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रचंड बहुमत से जीत दिलाई है। मैं केजरीवाल को मुबारकबाद, बधाई और अपनी शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा कि देश में सकारात्मक राजनीति की शुरुआत हो चुकी है।
इसका परिणाम भी देखने को मिल रहा है। वहीं हेमंत सोरेन ने कहा कि जिस तरह मुख्यमंत्री केजरीवाल को दिल्ली विधानसभा में सफलता मिली है यह प्रदर्शित करता है कि सकारात्मक रूप से जनहित में काम करने पर किसी भी सरकार को जनता का प्यार और समर्थन मिलता है। उन्होंने कहा कि काम करने का परिणाम जनता सूद सहित वापस करती है।
सीएम ने कहा कि अब देश में धर्म, समुदाय, जात-पात और झूठ की राजनीति नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि अब देश में सकारात्मक राजनीति की शुरुआत हो चुकी है।