हिमाचल में 13 कोरोना पॉजिटिव

हिमाचल प्रदेश में मंगलवार को 13 कोरोना पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। कांगड़ा जिला में सात और आठ साल के दो मासूम बच्चे भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक बच्चे के सैनिक पिता पहले से पॉजिटिव हैं जबकि दूसरा भी परिवार से संबंधित है। सरीमोलग जयसिंहपुर के 40 वर्षीय व्यक्ति और उनका आठ साल का बेटा संक्रमित हो गए हैं।
कांगड़ा में पांच लोग कोरोना को मात देकर स्वस्थ भी हुए हैं। हमीरपुर में मां और बहन के बाद अब दस वर्षीय बच्चा जबकि किर्गीस्तान से लौटी भोरंज की 23 वर्षीय युवती भी संक्रमित पाई गई हैं। ऊना जिले में चार कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। दिल्ली से लौटा संतोषगढ़ का 51 वर्षीय व्यक्ति पॉजिटिव पाया गया है। ऊना मुख्यालय की चंद्रलोक कॉलोनी की 29 और 25 वर्षीय दो सगी बहनें पॉजिटिव पाई गई हैं।दोनों परिवार सहित नोएडा से आई थीं और संस्थागत कवारंटीन में थीं। दिल्ली से लौटी गगरेट के अंबोटा की 31 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। यह भी संस्थागत कवारंटीन में थीं। वहीं सोलन में भी एक कोरोना पॉजिटिव मामला आया है। सोलन के खुंडीधार में एक महिला कोरोना संक्रमित पाई गई है। महिला की बेटी पहले से संक्रमित है जबकि उसकी मां का पहला टेस्ट निगेटिव था। लेकिन बेटी के संपर्क में आने की वजह से अब मां भी संक्रमित हो गई है।