यमुना का बढ़ा जलस्‍तर, प्रशासन की चेतावनी

यमुना का बढ़ा जलस्‍तर, प्रशासन की चेतावनी
Spread the love

हरियाणा के हथिनी कुंड बैराज से रविवार दोपहर 12 बजे पांच लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। 32 घंटे में इस पानी के दिल्ली आने की उम्मीद है। दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ेगा, फिलहाल अभी यमुना का जलस्तर चेतावनी संदेश से भी नीचे हैं। बैराज से बड़ी मात्रा में छोड़े जा रहे पानी से पूर्वी जिला प्रशासन सतर्क हो गया है, प्रशासन ने खादर इलाकों को खाली करने के लिए मुनादी शुरू कर दी है। प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति के लिए 011-22051234 नंबर जारी किया है।

पूर्वी जिले के जिलाधिकारी दीपक शिंदे ने खादर इलाकों में रहने वाले लोगों से इलाका खाली करने की अपील की है, साथ ही लोगों से अपील की है कि वह यमुना के किनारे न जाएं। यमुना का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और इससे खादर इलाकों में भी पानी भरने की संभावना है। दीपक शिंदे ने बताया कि भारी बारिश के कारण हथिनी कुंड बैराज से समय समय पर पानी छोड़ा जा रहा है, रविवार दोपहर 12 बजे पांच लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। यह पानी 32 घंटे में दिल्ली पहुंचेगा। मौजूदा समय में यमुना का जलस्तर 203.37 मीटर है। जबकि यमुना का चेतावनी स्तर 204.50 मीटर और खतरनाक स्तर 205.33 मीटर है।

उन्होंने बताया कि सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग ने गीता कॉलोनी स्थित पूर्वी जिलाधिकारी कार्यालय में कंट्रोल रूम बनाया हुआ है, यह कंट्रोल रूम 24 घंटे काम करेगा। आपातकालीन स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर 100, 1077 या 011- 22051234  भी जारी किया है, कोई भी व्यक्ति जलस्तर से संबंधित जानकारी ले सकता है। साथ ही अगर कोई व्यक्ति बाढ़ में फंस गया है तो वह इस नंबर पर फोन करके मदद ले सकता है। उन्होंने बताया कि पुलिस को निर्देश दिए गए है कि किसी भी व्यक्ति को यमुना और उसके आसपास न जाने दें। साथ ही प्रशासन की टीम खादर इलाकों को खाली करने के लिए मुनादी कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है, लेकिन आने वाले दिनों में हो सकती है।

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में पड़ रही जोरदार बारिश के चलते दिल्ली में यमुना का जलस्तर बढ़ने लगा है। पुराने यमुना पुल के पास शनिवार को यह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। इसके बाद राजस्व विभाग के अधिकारी लगातार यमुना के जलस्तर पर निगाह बनाए हुए हैं। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल बाढ़ के खतरे से इन्कार किया है।  बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है। पिछले साल जुलाई में दिल्ली में यमुना के पुराने पुल पर यातायात कुछ दिनों के लिए रोक दिया गया था। दरअसल, नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया था। पिछले साल यमुना का जलस्तर 205.5 मीटर तक पहुंच गया था।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!