पीसीआर ने 13 गर्भवती महिलाओं को पहुंचाया अस्पताल

दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन ने पिछले 24 घंटे में 13 गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए अस्पताल पहुंचाया है। लॉकडाउन के बाद से पीसीआर कर्मी अब तक 776 महिलाओं को अस्पताल पहुंचा चुके हैं। पीसीआर पुलिस उपायुक्त शरत कुमार सिन्हा ने बताया कि लॉकडाउन में सार्वजनिक वाहनों के अभाव और निजी वाहनों पर प्रतिबंध के कारण महिलाओं को समय पर एंबुलेंस नहीं मिल रहीं हैं। इन हालात में पीसीआर ने सूचना मिलने के बाद इन महिलाओं को अस्पताल पहुंचाया है। पीसीआर को दक्षिण दिल्ली से छह, दक्षिण पूर्वी जिले से तीन, उत्त्तरी, द्वारका, पूर्वी और बाहरी दिल्ली से एक-एक कॉल आए। ये सभी कॉल रात 11 बजे से सुबह 5 बजे के बीच मिलीं।मालूम हो कि राजधानी दिल्ली में संक्रमितों की संख्या 3000 पार कर गई है। दिल्ली के सभी जिले कोरोना से संक्रमित हैं। अब तक कुल 99 कंटोनमेंट जोन घोषित किए जा चुके हैं।
वहीं मंगलवार को दिल्ली सरकार ने पशु चिकित्सकों, प्लम्बरों और इलेक्ट्रीशियनों पर से प्रतिबंध हटा लिया। यह प्रतिबंध राज्य में कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए लागू किए गए लॉकडाउन के लिए लगाया गया था। सात सूत्री आदेश में दिल्ली सरकार की आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने अंतरराज्यीय स्वास्थ्य कर्मचारियों, लैब टेक्नीशियन और वैज्ञानिकों को भी दिल्ली में प्रवेश करने की छूट दे दी है। यह राहत दिल्ली में बुधवार से शुरू होगी।केंद्र सरकार ने इन गतिविधियों को पहले ही शुरू करने की अनुमति दे दी थी, लेकिन राज्य सरकार ने 27 अप्रैल तक इस बारे में विचार करने की बात कही थी।