भोपाल में दस लाख पौधे लगाए जायेंगे
- उद्यानिकी, नगर निगम, जिला पंचायत और वन विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने दिए निर्देश
भोपाल शहर में इस वर्ष बारिश के पहले दस लाख पौधों को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लगाया जायेगा। कलेक्टर श्री तरूण पिथोड़े ने आज यहां उद्यानिकी, जिला पंचायत, नगर निगम और वन विभाग के समीक्षा बैठक में निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समुचित व्यवस्थाएं कर पौधे लगाने का कार्य आगामी वर्षा ऋतु के पूर्व करें, जिससे वातावरण को स्थिर बनाए रखने में मदद मिले। बैठक में उद्यानिकी, जिला पंचायत, नगर निगम और वन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने उद्यानिकी और वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे विभिन्न प्रजातियों के पौधों की नर्सरी और वन परिक्षेत्रों से उपलब्धता सुनिश्चित करें।
इस कार्य के लिए जिले के विभिन्न अधिकारियों को सम्मिलित कर शहर के मुख्य क्षेत्रों सहित अन्य स्थानों पर भी सघन वनीकरण और पौधरोपण का कार्य प्रारंभ करें। साथ ही पहाड़ी क्षेत्रों सहित और अन्य स्थानों पर पौध रोपण सहित आगामी वर्षा ऋतु के पूर्व सुनियोजित तरीके से कार्य को संपादित किया जाए।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों से कहा कि वे शहर में कोरोना संक्रमण से बचाव और सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का अनिवार्यत: पालन करते हुए कार्य को प्राथमिकता से करें और शहर को हरा-भरा और शीतल बनाने में अपना योगदान दें।