क्वांटिको के बाद इस वेब सीरीज में दिखेंगी प्रियंका

‘देसी गर्ल’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की ब्रांडिंग भले हिंदी सिनेमा में सिमट चुकी हो लेकिन अंतर्राष्ट्रीय बाजार में वह अपनी जगह बनाए रखने के लिए लगातार कुछ न कुछ करती रहती हैं। एबीसी स्टूडियो की सीरीज क्वांटिको का तीसरा सीजन खत्म होने के दो साल बाद प्रियंका ने प्राइम वीडियो के साथ दो साल की डील साइन की है। इस डील के बदले प्रियंका को एक मोटी रकम मिलने की बात कही जा रही है।
इस सौदे के बारे में जानकारी देते हुए प्रियंका कहती हैं, ‘एक अभिनेत्री और एक निर्माता होने के नाते मेरा हमेशा से सपना रहा है कि मैं दुनिया के हर हिस्से से अलग-अलग भाषाओं की कहानियां लोगों के सामने पेश करूं। हम अमेजॉन के साथ मिलकर अपने इस सपने को और अच्छे से साकार करने वाले हैं। एक कहानीकार के रूप में मेरा उद्देश्य सिर्फ लोगों का मनोरंजन करना ही नहीं बल्कि खुले दिमाग से और साफ दृष्टिकोण के साथ मुझे खुद को कुछ चुनौतीपूर्ण कहानियां कहने के लिए भी तैयार करना चाहिए। अपने 20 साल के फिल्मी करियर में लगभग 60 फिल्मों में काम करने के बाद मुझे लगता है कि मैं सही रास्ते पर अग्रसर हूं।’
वहीं, इस सौदे के बारे में अमेजन स्टूडियो की प्रमुख जेनिफर साल्के ने कहा, ‘प्रियंका चोपड़ा और मैं लोगों के सामने कहानियां प्रस्तुत करने का एक जैसा जज्बा रखते हैं। हमारे साथ ओरिजिनल कंटेंट को बनाने के लिए प्रियंका बहुत उत्साहित हैं जो लोगों को विश्व स्तर पर जोड़ेगा। वह एक बेहतरीन निर्माता हैं। आने वाले समय में हम साथ में काम करने के लिए बहुत उत्साहित हैं।’
कुछ ही समय पहले प्रियंका के दो अंतर्राष्ट्रीय प्रोजेक्ट्स पर काम करने की खबर आई थी। इसमें से एक ड्रामा सीरीज है जिसमें वह रिचर्ड मैडेन के साथ नजर आने वाली हैं। वहीं, दूसरा प्रोजेक्ट उनकी शादी से ही प्रेरित होगा। इस प्रोजेक्ट का वह अपने पति निक जोनस के साथ मिलकर निर्माण करेंगी।
प्रियंका की अमेजॉन के साथ हुई इस नई डील के साथ संभावना है कि कुछ मजेदार कहानियां दर्शकों को देखने के लिए मिल सकती हैं। प्रियंका को अंतिम बार पिछले साल रिलीज हुई फिल्म ‘द स्काई इज पिंक’ में देखा गया था। अब वह हॉलीवुड की सुपर हीरो फिल्म ‘वी कैन बी हीरोज’ में भी नजर आने वाली हैं। इसके अलावा उनका नाम हॉलीवुड की सबसे बेहतरीन फिल्म सीरीजों में से एक ‘द मैट्रिक्स’ से भी जुड़ चुका है।