दिल्ली के चिड़ियाघर में दहाड़ेंगे गुजरात के शेर

दिल्ली के चिड़ियाघर में दहाड़ेंगे गुजरात के शेर
Spread the love

दिल्ली चिड़ियाघर में जल्द ही गुजरात के तीन शेरों की दहाड़ सुनने को मिलेगी। तीनों को पशु विनियम के तहत प्रजनन के उद्देश्य से दिल्ली लाया जा रहा है। इस संबंध में केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण(सीजेडए) ने मंजूरी दे दी है।  दिल्ली चिड़ियाघर के निदेशक रमेश पांडे के मुताबिक, सीजेडए ने गुजरात के केवड़िया और सक्करबाग से एक शेर और दो शेरनी लाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके बदले में दिल्ली की ओर से दो दरियाई घोड़े दिए जाएंगे। इसके अलावा नागपुर में गोरेवाड़ा चिड़ियाघर के साथ एक और पशु विनिमय पर काम चल रहा है। इसके तहत दिल्ली को दो बाघ और मिलेंगे। साथ ही दिल्ली को नागपुर से स्लॉथ बियर की एक जोड़ी भी मिलेगी।

पांडे के मुताबिक, चेन्नई स्थित अरिग्नार अन्ना जूलॉजिकल पार्क दिल्ली को नर बाघ उपलब्ध कराएगा। इससे पहले बंगाल की एक बाघिन को पिछले साल नवंबर में प्रजनन के लिए कानपुर से लाया गया था। वर्तमान में दिल्ली चिड़ियाघर में पांच सफेद बाघ हैं जिनमें तीन नर और दो मादा हैं। इसके अलावा एक-एक जोड़ी बंगाल टाइगर और शेर की है। सात वर्षीय शेर की मई में लंबी बीमारी के बाद मौत भी हो गई थी।  पांडे ने कहा कि स्टार कछुआ, जंगली कुत्ते और इगुआना सहित पांच प्रजातियों को विशाखापत्तनम चिड़ियाघर से लाया जाएगा। दिल्ली को करीब चार महीने पहले चंडीगढ़ के छतबीर चिड़ियाघर से एक शुतुरमुर्ग मिला था। कोविड महामारी के कारण तब से कोई पशु विनिमय कार्यक्रम आयोजित नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली चिड़ियाघर अब एक अगस्त को फिर से खुलने जा रहा है। इस समय चिड़ियाघर में 94 प्रजातियां और 1,162 जानवर हैं।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!