दुबई में आरी से कटा बाएं हाथ का अंगूठा

राजस्थान निवासी 34 वर्षीय संदीप शर्मा का दुबई में काम करते हुए आरी से अंगूठा कट गया। आनन फानन करीब 22 घंटे में दिल्ली पहुंचे मरीज को द्वारका स्थित आकाश अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने बगैर समय गंवाए मरीज का ऑपरेशन किया और उसका अंगूठा जोड़ दिया।
दिल्ली के डॉक्टरों ने एक बार फिर चिकित्सीय क्षेत्र में दुर्लभ और चौंकाने वाली सफलता हासिल की है। दुबई में लकड़ी का कार्य करनॆ वाला एक भारतीय मजदूर काम करते वक्त आरी से घायल हो गया था। उसके बांये हाथ का अंगूठा आरी से कटकर अलग हो गया।
अंगूठा कटने के चलते लगातार रक्तस्राव होता रहा और देखते ही देखते करीब 300 एमएल रक्त बह गया। तब दुबई में इलाज महंगा होने के कारण मरीज को तत्काल भारत लाया गया। करीब 22 घंटे में दिल्ली पहुंचे मरीज को द्वारका स्थित आकाश अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने बगैर समय गंवाए मरीज का ऑपरेशन किया और उसका अंगूठा जोड़ दिया। मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया है।