कंगना बोलीं- रोक नहीं पा रही आंसू

भारत रत्न से सम्मानित स्वर कोकिला लता मंगेशकर का 92 साल की उम्र में निधन हो गया। लता मंगेशकर 8 जनवरी को कोरोना वायरस से संक्रमित हुई थीं, जिसके बाद से ही वह मुंबई के ब्रीच कैंड अस्पताल में भर्ती थीं। यहां पर डॉक्टरों की एक पूरी टीम उनका लगातार इलाज कर रही थी लेकिन उनकी तबीयत में ज्यादा सुधार नहीं रहा था। इसी बीच शनिवार को उनकी तबीयत अचानक और ज्यादा खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया। लता मंगेशकर ने रविवार को 8 बजकर 12 मिनट पर अंतिम सांस ली। स्वर कोकिला के निधन से पूरा देश गमगीन है। बॉलीवुड में भी शोक की लहर दौड़ रही है। तमाम स्टार्स लता मंगेशकर के जाने से हैरान हैं तो साथ ही दुखी भी हैं। तमाम सेलेब्स अब लता मंगेशकर को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
लता मंगेशकर के निधन के बाद कंगना रणौत ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक साथ कई पोस्ट शेयर की। इस दौरान कंगना ने लिखा कि भारत ने सबसे खूबसूरत आवाज को खोया है। कोई भी दूसरी लता जी नहीं हो सकती है। इस दौरान कंगना ने ये भी लिखा कि वह अपने आंसू नहीं रोक पा रही हैं।