दिल्ली : बदला मौसम का मिजाज, आज भी हो सकती है बारिश

नई दिल्ली
दिल्ली में रविवार सुबह आसमान में बादल छाए रहे और न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम में सामान्य है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिन भर बादल छाए रहेंगे और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि शहर में गत 24 घंटे में 0.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि सुबह 8:30 बजे आर्द्रता 85 फीसदी रही। शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस किया गया था। देश के कई हिस्सों में तेज, कई जगह मध्यम गति तो अन्य जगहों पर धीमी गति से बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो महीनों में कुल मानसूनी वर्षा में नौ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गयी है। मणिपुर, नागालैंड, पश्चिम बंगाल, झारखंड, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, गुजरात, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक और केरल में बारिश में गिरावट दर्ज की गयी है।