टीडीपी के 60 मुख्य नेता और हजारों समर्थक भाजपा में शामिल

हैदराबाद
आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नारा चंद्रबाबू नायडू की पार्टी तेलुगू देशम पार्टी (टीडीपी) के लगभग 60 मुख्य नेता और उनके हजारों समर्थक रविवार को भाजपा में शामिल हो गए। सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। नड्डा ने कहा कि संगठन की चुनाव प्रक्रिया सितंबर से शुरू हो जाएगी। 31 दिंसबर से पहले भाजपा को अपना नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। टीडीपी को छोड़कर जून में भाजपा में शामिल हुए लंका दिनकर ने कहा कि हमारी आंध्र प्रदेश और तेलंगाना ईकाई के लिए यह अच्छा संकेत है। हजारों कार्यकर्ता आज भाजपा में शामिल हुए हैं। जिसमें राष्ट्रीय स्तर के कई बड़े नाम भी शामिल हैं। कुछ राज्य और जिलास्तर के भी बड़े नेता हैं। सरकार के तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाने और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने के फैसले के बाद बहुत से नेता हमारे साथ जुड़ना चाहते हैं।
सितंबर से शुरू होंगे चुनाव
जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं से भाजपा के संगठन के चुनाव को लेकर कहा कि सितंबर में देशभर के आठ लाख बूथ पर चुनाव कराए जाएंगे। इसके बाद अक्तूबर में मंडल स्तर पर प्रतिनिधियों का चुनाव होगा। जिलास्तर के चुनाव नवंबर में होंगे। सभी राज्यों में संगठन के चुनाव की प्रक्रिया 15 दिसंबर तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद 31 दिसंबर से पहले भाजपा को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा।