रेलवे बोर्ड अध्यक्ष और एक IAS अफसर का कार्यकाल केंद्र ने एक साल के लिए बढ़ाया

केंद्र सरकार ने रेलवे बोर्ड अध्यक्ष और एक आईएएस अफसर का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया है। वहीं एक अन्य आईएएस अफसर को सचिव (सुरक्षा) और राष्ट्रीय प्राधिकरण रासायनिक हथियार समझौता के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया है। जानकारी के अनुसार, रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष विनोद कुमार यादव को अगले एक वर्ष के लिए इसी पद पर पुन: नियुक्त किया गया है। मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने उन्हें एक जनवरी 2020 से 31 दिसंबर 2020 तक इसी पद पर पुन: नियुक्त करने का फैसला किया है। यादव को अश्विनी लोहानी की जगह रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष रूप में नियुक्त किया गया था। वह 1980 बैच के इंडियन रेलवे सर्विस ऑफ इलेक्ट्रिकल इंजीनियर्स हैं। कैबिनेट सचिवालय ने केरल कैडर के 1987 बैच के आईएएस अधिकारी डॉक्टर वीपी जॉय को सचिव (सुरक्षा) और राष्ट्रीय प्राधिकरण रासायनिक हथियार समझौता के अध्यक्ष (NACWC) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। डॉक्टर वीपी जॉय वर्तमान में सचिव (समन्वय) हैं।