24 फरवरी से बजट सत्र, 6 मार्च को वार्षिक बजट होगा पेश

24 फरवरी से बजट सत्र, 6 मार्च को वार्षिक बजट होगा पेश
Spread the love

मुंबई

महाराष्ट्र राज्य विधानसभा का बजट अधिवेशन 24 फरवरी से मुंबई में शुरू होगा और 6 मार्च को राज्य का वार्षिक बजट पेश किया जाएगा। विधान मंडल से मिली जानकारी के मुताबिक, विधानसभा में वित्त मंत्री अजित पवार सुबह 11 बजे और विधान परिषद में वित्त राज्य मंत्री शंभूराज देसाई बजट पेश करेंगे। बता दें कि अब तक विधानसभा में दोपहर 2 बजे बजट पेश होता रहा है, लेकिन पहली बार सुबह 11 बजे बजट पेश करने की नई परंपरा महा विकास आघाडी शुरू करने जा रही है।

6 मार्च को विधान मंडल के दोनों सदनों में बजट पेश होने के बाद 7 मार्च से 10 मार्च तक विधानसभा बंद रहेगी। इस बार का बजट सत्र 18 दिन चलेगा, जबकि विपक्ष की मांग 23 दिन का सत्र बुलाए जाने की थी। राज्य में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचारों की पृष्ठभूमि में बजट से पहले 5 मार्च को महिला सुरक्षा कानून पर विशेष चर्चा होगी। इस दौरान आंध्र प्रदेश की तर्ज पर महाराष्ट्र में भी दिशा कानून लागू करने पर चर्चा की जाएगी।

भारतीय जनता पार्टी ने राज्य विधान मंडल के बजट सत्र में सावरकर के मुद्दे पर शिवसेना को घेरने की रणनीति बनाई है। खबर है कि 26 फरवरी को बीजेपी महाराष्ट्र विधानसभा में स्वतंत्र वीर सावरकर का गौरव प्रस्ताव ला सकती है। हालांकि यह प्रस्ताव स्वीकार करना है या नहीं करना है, इस बारे में निर्णय विधानसभा अध्यक्ष नाना पटोले को लेना होगा।

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!