राज्यसभा चुनाव में JMM प्रत्याशी का समर्थन करेगी कांग्रेसः आरपीएन सिंह

रांची
झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों में हलचल तेज हो गई है। इस संदर्भ में बुधवार को कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस चुनाव में झामुमो को अपना उम्मीदवार चुनने का पूरा अधिकार है। कांग्रेस झामुमो उम्मीदवार का समर्थन करेगी। आरपीएन सिंह ने करीब डेढ़ घंटे सीएम से बातचीत की। साथ ही उन्होंने झारखंड बजट को लेकर मुख्यमंत्री को बधाई भी दी।
सिंह ने कहा कि राज्यसभा चुनाव में झामुमो शिबू सोरेन को प्रत्याशी के तौर पर मैदान में उतारेगी। उन्होंने कहा कि गुरुजी (शिबू सोरेन) सर्वमान्य नेता हैं। उनका नाम झारखंड के लिए स्वाभिमान की बात है और कांग्रेस प्रत्याशी पर फैसला केंद्रीय नेतृत्व ही लेगा। बता दें कि कांग्रेस प्रभारी ने झारखंड के बजट की सराहना करते हुए कहा कि इस बजट में सभी के लिए प्रावधान किए गए हैं।
चुनाव के दौरान महागठबंधन ने जो घोषणा पत्र जारी किए थे उसकी झलक इस बजट में साफ नजर आती है।यह बजट प्रदेश के विकास को गति देने वाला है। ज्ञात हो कि 26 मार्च को इन दोनों सीटों के लिए चुनाव होगा।