2022 के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि वर्ष-2022 के विधानसभा चुनाव में महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा पार्टी का चेहरा होंगी। लल्लू ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में पार्टी किसी भी दूसरी राजनीतिक पार्टी के साथ कोई गठजोड़ नहीं करेगी। सिर्फ पब्लिक, लोकतंत्र, युवा, किसान, गरीब, दलित और वंचित लोगों के सहारे चुनाव में उतरेगी।
लल्लू ने कहा कि यूपी प्रियंका गांधी की जमीन है। वह और उनके परिवार के लोग यूपी के साथ विशेष लगाव रखते हैं। प्रियंका गांधी यहां के करोड़ों लोगों के दिलों में बसती हैं। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि अगला चुनाव प्रियंका के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।
लल्लू ने कहा कि अगले विधानसभा चुनाव में प्रियंका हमारी पार्टी का चेहरा होंगी। आज कांग्रेस पार्टी आम लोगों की आवाज बन गई है और वे अपना आशीर्वाद हमें जरूर देंगे। यूपी के लोगों की यह भावना है कि कांग्रेस प्रियंका की देखरेख में इस प्रदेश में सरकार बनाएं।
क्या पार्टी यूपी में चुनाव से पहले या चुनाव के बाद कोई गठजोड़ करेगी, लल्लू ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस अब चुनाव पूर्व या चुनाव बाद के किसी गठबंधन में नहीं जाएगी। यह पूछे जाने पर कि कुछ भाजपा नेता प्रियंका गांधी को ट्वीटर का नेता कहते हैं, लल्लू ने कहा कि प्रियंका गांधी की सक्रियता को देखकर प्रदेश सरकार डर गई है। चाहे सोनभद्र में आदिवासियों के ऊपर जुल्म हो या फिर और कोई दूसरा मुद्दा, प्रियंका सरकार के रोके जाने के बावजूद लोगों के लिए लड़ रही हैं।