कोरोना काल में मिलावट का ‘जहर’

आगरा में त्योहार के मौके पर मिलावटखोर सक्रिय हो गए हैं। दूध, घी, तेल समेत कई खाद्य सामग्रियों में मिलावट पाई जा रही है। हालत यह कि जांच में हर दूसरा नमूना फेल हो रहा है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने बीते साल 738 नमूनों में से 361 नमूने फेल पाए गए। इनमें 47 नमूने नकली पाए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच में सबसे ज्यादा दूध और इससे निर्मित सामग्री के नमूने फेल मिले। 2019-20 में दूध प्रोडक्ट के 166 में से 73 नमूनों में मिलावट पाई गई। इसमें दूध सिंथेटिक और घी नकली मिला।
सुपारी-पान मसाला, नमक, चाय की पत्ती, पानी, ब्रेड, बेकरी प्रोडक्ट समेत 54 सामग्रियों के नमूने फेल मिले। सब्जी पर रंग और फलों पर मोम लगा पाया गया। इस साल भी 235 में से 140 से अधिक नमूने फेल मिले हैं। इसमें भी दूध, पनीर, घी, नमकीन, तेल, रिफाइंड समेत अन्य सामग्री हैं।