बारिश से पानी-पानी हुई दिल्ली

आज और कल भी होती रहेगी रिमझिम वर्षा
दिल्ली-एनसीआर से रूठा हुआ मानसून रविवार से झूम कर बरसा रहा है। रविवार आधी रात से बारिश का ऐसा दौर शुरू हुआ जो कि सोमवार शाम तक जारी रहा। सोमवार को कभी तेज तो कभी रूक-रूक कर बारिश होती रही। इस कारण से रविवार से सोमवार सुबह 8.30 बजे तक 69.6 मिमी और सोमवार शाम साढ़े पांच बजे तक 38.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। लगातार होती रही बारिश के कारण भी बारिश ने रिकॉर्ड नहीं बनाया। हालांकि इस बारिश से तापमान सामान्य से आठ डिग्री तक लढ़क गया। मौसम विभाग ने अभी मंगलवार और बुधवार को भी बारिश होते रहने की संभावना जताई है।
दिल्ली में बीते कई दिनों से बारिश का इंतजार हो रहा था। जो कि रविवार देर रात समाप्त हुआ। रविवार को आखिर मेघा ऐसे बरसे कि सोमवार को भी दिन भर बारिश का दौर जारी रहा। पालम केंद्र में सुबह 8.30 बजे से शाम5.30 बजे तक सर्वाधिक 66.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। रिज केंद्र पर 45.8 मिमी, आयानगर में 39.8 मिमी सफदरजंग केंद्र पर 38.4 और लोदी रोड पर 45.8 मिमी बारिश दर्ज हुई। 18 जुलाई से 19 जुलाई सुबह 8.30 बजे तक सर्वाधिक 99.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। एक दिन में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड वर्ष 2016 में 30 जुलाई को बना था। जब एक दिन में 143.6 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। इसके बाद बीते साल 19 जुलाई को 74.8 मिमी बारिश दर्ज हुई थी। मौसम विभाग की मानें तो इस साल अभी बारिश का रिकॉर्ड नहीं बना है।
दस साल में सबसे कम अधिकतम तापमान
इस बारिश के कारण मौसम सुहावना हो गया और तापमान में भी बड़ी गिरावट हुई। अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री कम दर्ज हुआ। सोमवार को अधिकतम तापमान 26.5 व न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.2 डिग्री दर्ज किया गया। यह दस साल में 19 जुलाई का सबसे कम अधिकतम तापमान है। इससे पहले वर्ष 2014 में अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री दर्ज हुआ था।
पूर्वानुमान: बादल छाए रहने और बारिश होने का अनुमान।
अधिकतम तापमान:: 26.5 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान: 24.2 डिग्री सेल्सियस
20 जुलाई को सूर्यास्त: शाम 7 बजकर 19 मिनट
21 जुलाई को सूर्योदय: सुबह 5 बजकर 37 मिनट