ब्रह्मांड का रहस्य: पुराने दावे खारिज

पृथ्वी के अलावा क्या किसी और ग्रह पर जीवन है? यह सवाल उतना ही पुराना है जितना कि यह पृथ्वी। ब्रह्मांड की उत्पत्ति के बाद जैसे-जैसे इंसानी समझ बढ़ती गई, इस गुत्थी को सुलझाने के लिए तमाम खोजें भी होती रहीं, लेकिन अभी तक ब्रह्मांड का यह गूढ़ रहस्य उलझा का उलझा ही है। हालांकि, कुछ वैज्ञानिक अध्ययनों से यह जरूर पता चला था कि पृथ्वी जैसा एक और ग्रह है शुक्र…जहां पर जीवन संभव हो सकता है। वैज्ञानिकों का दावा था कि आज से करोड़ों साल पहले इस ग्रह पर महासागर रहे होंगे और जीवन के अनुकूल परिस्थितियां भी होंगी।
वैज्ञानिक खोज आगे बढ़ ही रही थी कि अब एक नए अध्ययन ने इस दावे को सिरे से खारिज कर दिया है। यूनीवर्सिटी ऑफ जेनेवा और स्विट्जरलैंड की नेशनल सेंटर ऑफ कॉम्पीटेंस इन रिसर्च के खगोलशास्त्रियों की टीम ने दावा किया है कि शुक्र ग्रह पर न कभी पानी था और न ही वहां जीवन के अनुकूल परिस्थितियां थीं। और तो और ऐसा कभी संभव भी नहीं हो सकेगा।