चीन तीन लाख और सैनिकों की करेगा भर्ती

जंग के दौरान अग्रिम मोर्चों पर तैनाती के लिए चीन जल्द ही तीन लाख और सैनिकों की भर्ती करने जा रहा है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने युद्धों में बढ़त बनाने के लिए सेना में नई भर्ती का निर्देश दिया है। एक रिपोर्ट के मुताबिक तीन लाख और सैनिकों की आवश्यकता पड़ेगी।
चीनी सेनाओें के मुख्य कमांडर शी चिनपिंग ने सैन्य प्रतिभाओं के लिए हुए सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रतिभाओं के पास सशस्त्र चीनी सेना में उच्च गुणवत्ता के विकास की कुंजी है। साथ ही सैन्य प्रतिस्पर्धा में विजयी होने के लिए और भावी युद्धों में बढ़त के लिए सैनिकों का प्रतिभावान होना जरूरी है। शी ने कहा कि नई प्रतिभाओं को समर्थन दिए जाने की जरूरत है, ताकि पीपुल्स लिब्रेशन आर्मी (पीएलए) के वर्ष 2027 तक के लक्ष्यों को निर्धारित किया जा सके।
209 अरब डालर के सालाना सैन्य बजट के साथ चीनी सेना को अत्याधुनिक बनाने की कवायद जारी है। संगठनात्मक सुधारों के साथ ही उन्हें हाइपरसोनिक हथियारों समेत नए अस्त्र-शस्त्रों से लैस किया जा रहा है। अमेरिकी सेना के अनुसार, चीन ने हाल ही में लंबी दूरी की मिसाइल लांच की है जो पूरी दुनिया का फेरा लगा सकती है। इसे हाइपरसानिक वाहन से छोड़ा गया था और यह लक्ष्य को भेदते हुए चीन लौट आई थी।