मिशन मून: चंद्रयान 2 लॉन्चिंग के लिए तैयार – इसरो

बेंगलुरु/नई दिल्ली
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान ने GSLV मार्क III-M1,चंद्रयान-2 के लॉन्च व्हीकल की रिहर्सल पूरी कर ली है। इसरो ने बताया कि चंद्रयान-2 की सभी तरह की तकनीकी दिक्कतों को दूर कर लिया गया है। आज शाम से चंद्रयान-2 के लॉन्च की उल्टी गिनती शुरू हो जाएगी। भारत का दूसरा मून मिशन कल (सोमवार) श्रीहरिकोटा के सतीश धवन स्पेस सेंटर से लॉन्च होगा। इसरो के चीफ डॉ. के सिवन ने बताया कि चंद्रयान-2 लॉन्च की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पहले प्रयास में जो भी तकनीकी कमियां देखी गई थीं उसे ठीक कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम से चंद्रयान-2 की उलटी गिनती शुरू हो जाएगी। चंद्रयान-2 आने वाले दिनों में 15 महत्वपूर्ण मिशन पर काम करेगा। चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण, चांद दक्षिण ध्रुव पर एक रोवर को उतारने के उद्देश्य से किया जाएगा। रॉकेट में एक ‘तकनीकी दिक्कत’ के कारण 15 जुलाई की सुबह इसे लॉन्च होने से रोक दिया गया था। दिक्कत तब आई थी जब लिक्विड प्रोपेलेंट को रॉकेट के स्वदेशी क्रायोजेनिक अपर-स्टेज इंजन में लोड किया जा रहा था।