महाराष्ट्र : ‘जय श्री राम’ नहीं बोलने पर व्यक्ति की पिटाई

मुंबई
महाराष्ट्र के औरंगाबाद में ‘जय श्री राम’ नहीं बोलने पर कुछ लोगों ने एक व्यक्ति की कथित तौर पर पिटाई करने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार एक होटल में काम करने वाले कर्मचारी इमरान इस्माइल पटेल पर करीब दस लोगों ने हमला कर दिया। जिसमें वह घायल हो गया। आज तक की एक रिपोर्ट के अनुसार पटेल ने बताया कि 10 बदमाशों ने उसे बेगमपुरा इलाके में हुडको कॉर्नर के पास रोक कर मोटरसाइकिल की चाबी चीन ली और उससे ‘जय श्री राम’ बोलने को कहा। पुलिस ने बताया कि हमें इस संबंध में शिकायत मिली है और हम मामले की जांच कर रहे हैं। इस मामले में गणेश विनोद सोनवणे (21) नामक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। गणेश पेशे से रिक्शा चालक और भरतनगर इलाके का निवासी है। पटेल ने बताया कि इस दौरान हंगामा सुन कर आस पास के लोग उसे बचाने आ गए। इस दौरान उन्हें बचाने वालों में एक शख्स का नाम गणेश था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा 153-A (धर्म के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना) और 144 (गैरकानूनी विधानसभा) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अल्पसंख्यक समुदाय के सदस्यों की घटनाओं और उन पर ‘जय श्रीराम’ कहने के लिए मजबूर करने की घटनाएं हाल ही में महाराष्ट्र के ठाणे सहित देश के विभिन्न हिस्सों से हुई हैं।