JNU छात्रा से दुष्कर्म मामला: वारदात के वक्त इलाके में नहीं थी 95 नंबर की कैब

नई दिल्ली
दुष्कर्म की पीड़ित जेएनयू छात्रा ने 2 अगस्त की रात 8 बजे मंदिर मार्ग स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर से कैब ली थी। उस समय एक से डेढ़ किलोमीटर के दायरे में ओला और उबर की 70 कैब थीं। इनमें से 95 नंबर की कोई कैब नहीं थी। उबर और ओला ने दिल्ली पुलिस को सौंपी रिपोर्ट में यह जानकारी दी है। दूसरी तरफ, दुष्कर्म के आरोपी कैब चालक का मंगलवार शाम तक कुछ पता नहीं चला था। नई दिल्ली जिले के स्पेशल स्टाफ, विजिलेंस ब्रांच समेत कई यूनिटों को आरोपी की तलाश में लगाया गया है। नई दिल्ली जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुष्कर्म पीड़ित जेएनयू छात्रा ने शिकायत में कहा था कि जिस कैब चालक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, उसकी कैब के आखिर में नंबर 95 था। मंदिर मार्ग थाना पुलिस ने उबर व ओला को पत्र लिखा था कि 2 अगस्त को रात 8 बजे मंदिर मार्ग व आसपास कितनी कैब थीं। दोनों कंपनियों ने मंगलवार को दिए जवाब में बताया कि उनकी करीब 70 कैब एक से डेढ किमी के दायरे में थीं। इनमें किसी भी कैब का नंबर 95 नहीं है।