झारखंड : देवघर एम्स में अगले माह से शुरू होगी पढ़ाई- राज्यपाल

दुमका
राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने एक समृद्धशाली एवं खुशहाल झारखंड का निर्माण करने के लिए एकजुट होकर प्रयास करने का आह्वान किया। राज्यपाल ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उपराजधानी दुमका की पुलिस लाइन में राजकीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में झंडोतोलन किया। अपने अभिभाषण में राज्यपाल ने झारखंड सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ राज्य के सभी वर्गों, विशेष कर वंचित वर्गों तक पहुंचे। सरकार की कुछ प्रमुख उपलब्धियों की चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि देवघर एम्स में अगले माह से पढ़ाई शुरू होगी। दुमका में नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एमबीबीएस की 100 सीटों के लिए पढ़ाई शुरू करने के लिए सरकार प्रयासरत है। देवघर हवाई अड्डा का विस्तारीकरण का कार्य प्रगति पर है। दुमका हवाई अड्डा पर कॉमर्शियल पायलट लाइसेंस प्रशिक्षण केंद्र का संचालन पीपीपी मोड पर करने का लाइसेंस प्राप्त हो गया है। राज्यपाल ने कहा कि साहिबगंज में मल्टी मॉडल टर्मिनल का निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो गया है। शीघ्र ही इसका उद्घाटन किया जाएगा। राष्ट्रीय जल मार्ग-1 पर इस टर्मिनल के बन जाने से झारखंड जल मार्ग से भी पूरे देश एवं विश्व से जुड़ जाएगा।