पति के शराबी दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कराने पर पति ने कर दी पत्नी की हत्या

चेन्नई
चेन्नई में शराब पीकर हंगामा करने वाले पति के दोस्तों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराना महिला के लिए जानलेवा बन गया। दोस्तों के खिलाफ पुलिस में शिकायत से नाराज पति ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने महिला के शरीर पर चाकू से कई बार हमला किया। घायल अवस्था में महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी उदय कुमार ऑटो चलाता है। पुलिस ने बताया कि वह हर रोज अपने घर के सामने दोस्तों के साथ मिलकर शराब पीता था और खूब हंगामा करता था। उसकी इस हरकत से मोहल्ले के सभी लोग परेशान थे। उदय कुमार का अपनी पत्नी मनीमेकलई के साथ इसी बात को लेकर रोज झगड़ा होता था। सोमवार सुबह उदय अपने चार दोस्तों के साथ घर आया तो मनीमेकलई उस पर बरस पड़ी।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद उदय का एक दोस्त कथित रूप से उसके घर में घुस गया और उसकी पत्नी को गालियां देने लगा। इससे नाराज मनीमेकलई ने अपने एक रिश्तेदार की सलाह पर थाने में पति के दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। उदय को जब यह बात पता चली तो वह घर आकर अपनी पत्नी से झगड़ने लगा। बहस बढ़ने पर उसने अपना आपा खो दिया और किचन में रखे चाकू से पत्नी पर कई बार हमला कर दिया।