लोगों को चुनाव के समय प्रत्याशियों के चार ‘सी’ का ध्यान रखना चाहिए: उपराष्ट्रपति

हैदराबाद
देश के उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा है कि लोगों को चुनाव के समय प्रत्याशियों के चार ‘सी’ का ध्यान रखना चाहिए। वेंकैया नायडू ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि जन प्रतिनिधि चुनने से पहले उसकी कपैसिटी (क्षमता), कैरेक्टर(चरित्र), कैलीबर (योग्यता) और कंडक्ट (आचरण) को जरूर देखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कुछ लोग जाति, समुदाय, पैसे और अपराध के दम पर हावी होने की कोशिश करते हैं। नायडू ने यह भी कहा कि इनकी बजाय लोगों को प्रत्याशी की क्षमता, चरित्र, योग्यता और आचरण को ध्यान में रखकर उसे चुनना चाहिए। आर्थित मंदी की चर्चा करते हुए नायडू ने कहा, देश की आर्थिक जड़ें काफी मजबूत हैं इसलिए घबराने की कोई जरूरत नहीं है।
क्वॉलिटी सर्कल फोरम ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में नायडू ने कहा कि हर प्रफेशनल चाहे वह डॉक्टर हो, इंजिनियर हो, वकील हो या कोई अन्य हो उसे सामाजिक जिम्मेदारी जरूर निभानी चाहिए। उन्होंने शैक्षिक सुधार की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि शारीरिक शिक्षा और नैतिक शिक्षा के साथ-साथ गार्डनिंग को भी स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए।
उपराष्ट्रपति ने यह भी कहा कि बच्चों को देश के इतिहास के बारे में भी जागरूक करना चाहिए। लिथूनिया, लताविया और इस्टोनिया जैसे देशों की अपनी यात्रा को याद करते हुए नायडू ने कहा कि वहां उन्हें नैशनल म्यूजियम में ले जाया गया, जहां उस देश का संपूर्ण इतिहास मौजूद था।