मुंबई में भारी बारिश संभावना, मौसम विभाग ने जारी किया रेड अलर्ट

मुंबई
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से इस संबंध में रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने मुंबई और उससे सटे रायगढ़ जिले में भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है।
विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, मुंबई और रायगढ़ जिलों के लिए बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने कहा कि मुंबई में गुरुवार सुबह से अगले 24 घंटे तक 204 मिमी से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया गया है। जो शुक्रवार तक जारी रहने की संभावना है। वहीं मुंबई के पास रायगढ़ जिले में गुरुवार को भारी बारिश और शुक्रवार को मूसलाधार बारिश की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र के स्कूल शिक्षा मंत्री आशीष शेलार ने ट्वीट किया, भारी बारिश के अनुमान के मद्देनजर मुंबई, ठाणे और कोंकड़ के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। राज्य के बाकी जिलों के कलेक्टरों को स्थानीय स्तर पर हालात को देखते हुए इस पर फैसला लेने के निर्देश दिए हैं। बुधवार रात से शहर और पास के ठाणे और पालघार में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिसके चलते निचले इलाकों में पानी भर गया है। इस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।