गादीगांव से हार्डकोर नक्सली तेजो मंडल को पुलिस ने किया गिरफ्तार

जमुई
पुलिस ने जमुई जिले के चकाई थाना इलाका स्थित गादी गांव से हार्डकोर नक्सली तेजो मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस बल ने कार्रवाई के दौरान एक और शख्स अजय मंडल को भी हिरासत में लिया है। नक्सली तेजो मंडल और अजय मंडल से पुलिस चकाई थाने में पूछताछ कर रही है। तेजो मंडल की तलाश पुलिस को कई वर्षो से थी। कहा जा रहा है कि तेजो मंडल नक्सली कमांडर सिद्धू कोड़ा के दस्ते का खास नक्सली है। इसके अलावा आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली कमांडर सुरंग यादव के दस्ते में भी तेजो शामिल रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सीआरपीएफ और जिला पुलिस बल ने हार्डकोर नक्सली तेजो मंडल को चकाई के गादी गांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद झाझा एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया की तेजो मंडल के विरुद्ध गादी में हुए तीन लोगों की गला रेत कर हत्या के अलावा और भी कई मामले दर्ज हैं। वहीं, हिरासत में लिए गए अजय मंडल के बारे में भी जांच चल रही है।