झारखंड: गढ़वा में करंट लगने से मां- बेटे की दर्दनाक मौत

झारखंड के गढ़वा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जहां के बरडीहा थाना अंतर्गत सलगा गांव में सोमवार की सुबह करीब 9 बजे करंट की चपेट में आने से मां और बेटे की दर्दनाक मौत हो गई। सलगा निवासी विजय यादव (35) सोमवार की सुबह अपने घर में बिजली के बोर्ड में आई खराबी को ठीक कर रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने के लिए पास में ही खड़ी उसकी मां लखवा देवी जैसे ही विजय को पकड़ी, वह भी करंट की चपेट में आ गई। इस दौरान घर में मौजूद लोगों ने मेन स्विच को काटा और दोनों मां-बेटे को तुरंत रेफरल अस्पताल मझिआंव पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने दोनों को जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी मिलने के बाद बरडीहा पुलिस ने दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाॅर्टम हेतु गढ़वा भेज दिया है। इस घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।