पुंछ सेक्टर में PAK ने तोड़ा सीजफायर

पुंछ
पाकिस्तानी सेना अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रही है। पाक सेना ने पुंछ जिले के किरनी और कस्बा सेक्टर में सीजफायर तोड़ते हुए भारतीय चौकियों और रिहायशी इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलीबारी की। वहीं, भारतीय सेना भी पाक की इस हरकत का मुंहतोड़ जवाब दे रही है।
वहीं, इससे पहले पाक सेना ने शाहपुर और किरनी सेक्टर में सीजफायर तोड़ कर भारतीय चौकियों और गांवों को निशाना बनाया था। इस दौरान उन्होंने मोर्टार शैलिंग के साथ भारी गोलीबारी की थी। इस गोलीबारी में एक नागरिक की मौत हो गई है और 4 लोग घायल हो गए थे। भारतीय सेना की ओर से जवाबी कार्रवाई में पाक चौकियों को भारी नुकसान पहुंचा था।
सैन्य अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पाकिस्तानी सेना ने जिले के शाहपुर और करनी इलाकों में गांवो औंर अग्रिम चौकियों को निशाना बनाकर मोर्टार दागे और छोटे हथियारों से गोलीबारी की थी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तान ने गांवों को निशाना बनाने के लिये 120-एमएम के मोर्टार इस्तेमाल किए थे। इस गोलाबारी में एक ग्रामीण की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए थे। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों ने मुहंतोड़ जवाब दिया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हो गई थी।
दरअसल, जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के बाद से पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। जिसके बाद पाक सेना की सीमा पार से लगातार फायरिंग की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। इसी कड़ी में पाकिस्तानी सेना ने 14 फरवरी को हीरनगर सेकटर में सुबह करीब चार बजे गोलीबारी शुरू की थी। गोलीबारी हीरानगर सेक्टर में चकरा गांव में सुबह करीब चार बजे शुरू हुई थी जो ढाई घंटे से अधिक चली।
अधिकारियों ने बताया कि गोलीबारी में किसी भारतीय सैनिक के हताहत होने की खबर नहीं थी। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी रेंजर्स ने मोर्टार भी दागे जोकि लोगों की घरों की छतों व खेतों में आकर गिरे। इस दौरान लोग भी डरे सहमे अपने आप को बचाने की जद्दोजहद कर जल्द ही बंकरों की शरण में चले गए थे। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी चौकियों को भारी नुक्सान पहुंचा था। वहीं बीएसएफ के जवान गांवों का दौरा कर लोगों को पहुंचे नुकसान व खेतों में गिरे मोर्टार का निरीक्षण किया था।