लोगों की शिकायत सीधे पहुंचेगी दिल्ली दरबार

एलजी मनोज सिन्हा ने लोगों के मुद्दों का समय पर निवारण करने के लिए प्रदेश के पहले इंटीग्रेटेड शिकायत निवारण प्रणाली का अनावरण किया। इस प्रणाली के अंतर्गत लोगों की शिकायतों और अन्य मुद्दों की चौबीस घंटे निगरानी होगी। इस पोर्टल को भारत सरकार के शिकायत पोर्टल के साथ जोड़ा जाएगा। अब यहां के बाशिंदों की शिकायतें सीधे दिल्ली दरबार पहुंचेंगी। साथ ही इनका जल्द निपटारा भी होगा। श्रीनगर के राज भवन में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में सिन्हा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर इंटीग्रेटेड शिकायत निवारण और निगरानी प्रणाली (आईजीआरएमएस) को पहली बार सामने लाने का निर्णय शुक्रवार को राज्य की प्रशासनिक परिषद (एसएसी) की बैठक में लिया गया।
मनोज सिन्हा ने कहा कि हाल ही में विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मिलने के बाद पता चला कि प्रशासन और शासन से जुड़े अन्य विभागों के अधिकारी लोगों के लिए उपलब्ध नहीं रहते हैं। इसलिए जेएंडके आईजीआरएमएस को शुरू करने का फैसला लिया गया। सिन्हा ने कहा कि जम्मू और कश्मीर शिकायतों का यह पोर्टल भारत सरकार के शिकायत पोर्टल के साथ जोड़ा जाएगा। इस पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत सबसे पहले श्रीनगर, जम्मू और रियासी जिले में शुरू हुई। दो अक्तूबर तक शेष जिलों में भी यह सुविधा उपलब्ध होगी।