भारत ने 3 देशों से करीब 5 लाख टन रिफाइंड पाम तेल आयात के 70 लाइसेंस जारी किए

नई दिल्ही
भारत ने तीन देशों से करीब पांच लाख टन रिफाइंड पाम तेल आयात के 70 लाइसेंस जारी किए हैं। ये लाइसेंस अगले 18 महीनों के लिए मान्य होंगे। सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि इन देशों में नेपाल, बांग्लादेश और इंडोनेशिया शामिल हैं। सरकार ने इसी साल आठ जनवरी को रिफाइंड पाम तेल के आयात पर प्रतिबंध लगाया था। सरकार ने मौजूदा वित्तीय वर्ष में अप्रैल से दिसंबर तक 23 लाख टन रिफाइंड पाम तेल आयात किया है।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा वनस्पति तेल आयातक है और हर वर्ष करीब 1.5 करोड़ टन तेल आयात करता है। इसमें 90 लाख टन अकेला पाम तेल है, जबकि शेष 60 लाख टन में सोयाबीन और सूरजमुखी का तेल आयात किया जाता है। गौरतलब है कि इंडोनेशिया और मलयेशिया पाम तेल के प्रमुख आपूर्तिकर्ता हैं। लेकिन सीएए (संशोधित नागरिकता कानून) पर मलयेशिया की आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद भारत ने मलयेशिया से पाम तेल आयात पर प्रतिबंध लगा दिए हैं।