नाबालिग का अपहरण कर जबरन करवाई शादी, 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

पाकुड़
झारखंड के पाकुड़ जिले में एक नाबालिग का अपहरण कर उससे जबरन शादी करने के आरोप में 6 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया गया है। लड़की की मां की शिकायत के आधार पर आरोपी युवक, उसके माता-पिता समेत 6 लोगों के खिलाफ पोक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग की माँ ने इस मामले में आरोपी युवक सुनील मुर्मू ,उसके माता पिता समेत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
लड़की की मां ने बताया कि 24 जनवरी की शाम उसकी नाबालिग बेटी पड़ोस के टोले में आयोजित सोहराय पर्व में शामिल होने गई थी। शाम होने के बाद भी जब वह वापस नहीं आई तो उन्होंने उसकी खोजबीन शुरू की। बाद में पता चला कि गाँव के ही सुनील मुर्मू (20 वर्ष) ने उसे अगवा कर अपने घर में रखा है। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान सुनील के माता पिता ने बताया कि लड़का लड़की ने संथाली रीति रिवाज से शादी कर ली है।
उसके बाद लड़की के माता-पिता ने दूसरे दिन गाँव में पंचायत बुलाई। पंचायत में उस पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। उसने जुर्माने की राशि जमा करवा दी और अपनी बेटी को वापस ले आई। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि सुनील मुर्मू ने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि वह पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।