केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की कमान मंत्री छेरिंग दोर्जे को सौंपी गई

जम्मू
पूर्व के जम्मू-कश्मीर राज्य के पुनर्गठन के बाद भाजपा ने संगठनात्मक स्तर पर भी बदलाव किया है। केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख की कमान पूर्व मंत्री छेरिंग दोर्जे को सौंपी गई है, जबकि इससे पहले प्रदेश भाजपा प्रधान रविन्द्र रैणा या पूर्व के प्रधान संभालते रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रधान जे.पी. नड्डा ने पूर्व मंत्री छेरिंग दोर्जे को लद्दाख यू.टी. का प्रधान मनोनीत किया है। उन्हें तुरंत प्रभाव से लद्दाख का प्रधान बनाया गया है।
वीरवार को राष्ट्रीय महासचिव ने इस संदर्भ में छेरिंग दोर्जे के नियुक्ति पत्र को जारी किया। 2 दिन पहले प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रविन्द्र रैणा, संगठन मंत्री अशोक कौल, पूर्व उप-मुख्यमंत्री क विंद्र गुप्ता, पूर्व मंत्री सुनील शर्मा ने राष्ट्रीय भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की थी।
बताया जा रहा है कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू एवं कश्मीर के भाजपा पदाधिकारियों के नामों पर भी राष्ट्रीय प्रधान ने मोहर लगा दी है तथा आने वाले दिनों में नई प्रदेश इकाई की घोषणा हो सकती है। मौजूदा समय में भाजपा ने अपनी जिला इकाइयों की घोषणा कर दी है।