पुणे में दो लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि

पुणे
महाराष्ट्र के पुणे में दो लोगों के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है। जिला अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों को यहां के नायडू अस्पताल में भर्ती करवाया जा चुका है। उनके परिवार के अन्य लोगों के नमूने भी जांच के लिए राष्ट्रीय विषाणु विज्ञान संस्थान में भेजे जा चुके हैं। डिवीजनल कमिश्नर दीपक म्हाईसेकर से मिली जानकारी के अनुसार दोनों रोगी दुबई से एक मार्च को मुंबई हवाई अड्डे पर उतरे थे ये 40 लोगों के एक समूह के साथ थे।
इन्होंने मुंबई हवाई अड्डे पर उतरकर ओला कैब ली थी। दोनों जब मुंबई पहुंचे थे तब तक ठीक थे इनमें किसी प्रकार संक्रमण का कोई लक्षण नहीं था।वैसे भी दुबई कोरोना वायरस संक्रमित क्षेत्रों की सूची से बाहर है। फिलहाल ओला कैब चालक और इन दोनों रोगियों के परिवार के तीन लोगों को नायडू अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
सभी के नमूने जांच के लिए एनआइवी भेज दिये गये हैं। इन दोनों रोगियों के साथ ही अन्य लोगों के समूह की भी लिस्ट जारी कर दी गयी है। जिसके संबंध में जिला अधिकारियों को मेडिकल जांच करने के लिए कहा गया है। मिली जानकारी के अनुसार मरीजों के लिए 21 जगहों पर 200 बिस्तर वाले अलग-अलग केंद्र बनाये गये हैं। गौरतलब है कि पूरे देश में मंगलवार को कोरोना वायरस के 10 नये मामले सामने आये हैं। जिसमें केरल से ही छह मामले सामने आये हैं।
कर्नाटक से चार मामले सामने आये हैं। पंजाब में भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने का एक मामला सामने आया है। संक्रमित व्यक्ति ने हाल ही में इटली की यात्रा की थी। लद्दाख में कोरोना से संक्रमित दो मामले सामने आये हैं। ये दोनों मरीज ईरान की यात्रा कर चुके हैं। तमिलनाडु से भी एक मामला सामने आया है यह संक्रमित व्यक्ति भी ओमान की यात्रा कर चुका है। भारत में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या अब तक 50 तक पहुंच गई है।