महाराष्ट्र में कई सर्जन मौजूद,सरकार गिराने की कोशिश करने वालों होगा ऑपरेशन- राउत

मुंबई
मध्य प्रदेश में जारी सियासी घमासान को लेकर भाजपा पर शिवसेना के नेता संजय राउत ने चुटकी ली है। उन्होंने कहा ‘ भाजपा ने महाराष्ट्र में भी सरकार बनाने की कोशिश की थी, लेकिन वह सफल नहीं हुई। ऐसा कुछ भी यहां सफल नहीं हो सकता। यहां ऑपरेशन थिएटर में मेरे जैसे कई सर्जन बैठे हैं। अगर कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा, तो उसका ही ऑपरेशन हो जाएगा। राउत ने बुधवार को विश्वास व्यक्त किया कि उनकी पार्टी की अगुवाई में महाराष्ट्र सरकार सुरक्षित है और कहा कि ‘मध्य प्रदेश का वायरस’ पश्चिमी राज्य में प्रवेश नहीं करेगा।
शिवसेना एनसीपी और कांग्रेस के साथ महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार का नेतृत्व कर रही है। मंगलवार को ज्योतिरादित्य सिंधिया के पार्टी छोड़ने के बाद पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार गिरने की कगार पर है। राउत ने मराठी में ट्वीट कर कहा कि महाराष्ट्र विकास अगाड़ी (MVA) सरकार के लिए चिंता का कोई कारण नहीं है। मध्य प्रदेश का वायरस महाराष्ट्र में प्रवेश नहीं करेगा। महाराष्ट्र की शक्ति अलग है। एक ऑपरेशन 100 दिन पहले फ्लॉप हो गया। महा विकास अगाड़ी ने बाईपास सर्जरी करके महाराष्ट्र को बचाया।
पिछले साल अक्टूबर में राज्य विधानसभा चुनावों के बाद, शिवसेना की अगुवाई वाली तीनों पार्टी की गठबंधन सरकार 28 नवंबर को सत्ता में आई थी, जब उसने मुख्यमंत्री पद को साझा करने के मुद्दे पर भाजपा का साथ छोड़ दिया था। इससे पहले, भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस और राकांपा के अजीत पवार ने 23 नवंबर को आचानक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। लेकिन, सरकार 80 घंटे से ज्यादा नहीं चली। 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में, उद्धव सरकार को 165 से अधिक विधायकों का समर्थन प्राप्त है।