महिला का आंशिक रूप से काटना पड़ सकता है हाथ

अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद और अमेरिका-कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार किए गए सात भारतीय नागरिकों में से दो संदिग्ध शीतदंश (फ्रॉस्टबाइट) के चलते गंभीर रूप से घायल हुए हैं। एक महिला को अत्यधिक ठंड की चपेट में आने की वजह से हाथ के आंशिक विच्छेदन की जरूरत होगी। यह बात एक अदालती दस्तावेज में कही गई है।
अमेरिका के मिनेसोटा में जिला अदालत में गुरुवार को 47 वर्षीय अमेरिकी नागरिक स्टीव शैंड के खिलाफ एक आपराधिक शिकायत दर्ज की गई थी। स्टीव पर मानव तस्करी करने का आरोप लगाया गया है। बिना दस्तावेज वाले विदेशी नागरिकों के संदिग्ध तस्कर स्टीव शैंड को 19 जनवरी को अमेरिका-कनाडा सीमा के पास से गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तारी के समय वह दो भारतीय नागरिकों को ले जा रहा था जो अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद थे। शिकायत में इन दो भारतीय नागरिकों की पहचान ‘एसपी’ और ‘वाईपी’ के रूप में की गई है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्टीव की गिरफ्तारी के समय ही अमेरिका में अवैध रूप से मौजूद पांच और भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया गया।