अमरनाथ : 3,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का जत्था रवाना

जम्मू
दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ के पवित्र गुफा मंदिर के लिये 3,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था सोमवार को यहां भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह श्रद्धालुओं का यहां से रवाना होने वाला 21वाँ जत्था है। इसे मिला कर अब तक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर से रवाना हुए श्रद्धालुओं की संख्या 99,405 हो गई है। अधिकारियों ने कहा कि सोमवार को तड़के कड़ी सुरक्षा के बीच 128 वाहनों के काफिले में सवार होकर 3,178 तीर्थयात्री यहां से रवाना हुए, जो शाम तक पहलगाम और बालटाल आधार शिविर पहुंचेंगे। अधिकारियों ने बताया कि 261 महिलाओं, चार बच्चों और 142 साधुओं सहित 1,634 तीर्थयात्री पहलगाम पहुंचेंगे, वहीं, 514 महिलाओं और 39 बच्चों सहित 1,544 तीर्थयात्रियों ने बालटाल मार्ग को प्राथमिकता दी है। अधिकारियों ने बताया कि एक जुलाई से शुरू हुई इस यात्रा के दौरान अब तक 2.72 लाख तीर्थयात्री हिम लिंग के दर्शन कर चुके हैं। 46 दिवसीय यात्रा का समापन 15 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन होगा। यह यात्रा परंपरागत पहलगाम और बालटाल से बिना किसी रूकावट के सुचारू रूप से जारी है। बीते साल कुल 2,85,006 श्रद्धालु यहां पहुंचे थे जबकि 2015 में इनकी संख्या 3,52,771 थी। 2016 में 3,20,490 श्रद्धालु और 2017 में कुल 2,60,003 तीर्थयात्रियों ने हिमलिंग के दर्शन किए थे।