प. बंगाल: हुगली में BJP कार्यकर्ता की हत्या, TMC पर लगाया आरोप

पश्चिम बंगाल में आम चुनाव के बाद राजनीतिक हिंसा बंद होने के नाम नहीं ले रही है। प्रदेश के हुगली के गोघाट में भाजपा कार्यकर्ता काशीनाथ घोष का शव नहर से बरामद किया गया है। भाजपा ने टीएमसी पर काशीनाथ की हत्या का आरोप लगा दिया है। आपको बताते जाए कि काशीनाथ पर टीएमसी कार्यकर्ता लालचंद बाग के मर्डर का आरोप था।
हुगली जिले में तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता लालचंद बाग की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने 6 लोगों को गिरफ्तार किया था। इस दौरान टीएमसी ने भाजपा पर लालचंच की हत्या का आरोप लगाया था। टीएमसी के जिला अध्यक्ष दिलीप यादव ने भाजपा पर आरोप लगाया था कि 21 जुलाई को कोलकाता में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा संबोधित शहीद दिवस रैली में शामिल होने के कारण लालचंद बाग की हत्या की गई। तब भाजपा कार्यकर्ता काशीनाथ का भी नाम आया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लालचंद (40) की पिटाई तब की गई थी, जब वह एक बाजार से घर लौट रहा था। बाग को आरामबाग सब डिविजनल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। भाजपा के आरामबाग संगठन जिला अध्यक्ष बिमान घोष ने बताया कि बाग की मृत्यु राज्य में सत्ताधारी पार्टी के भीतर अंदरूनी लड़ाई का नतीजा है। इन सबके बीच पश्चिम बंगाल में तनाव बरकरार है। अब भाजपा नेता का शव मिलने के बाद तनाव बढ़ता दिख रहा है।