बाढ़ प्रभावितों को रिकॉर्ड समय में पुनर्वास सुनिश्चित करेंगे: सीएम फडणवीस

मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि राज्य में बाढ़ प्रभावित लोगों का पुनर्वास रिकॉर्ड समय में किया जाए। फडणवीस ने यह भी कहा कि राज्य को पूरी तरह सूखा मुक्त बनाने के लिए प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इसमें सुरंग बना कर कोंकण क्षेत्र से वर्षा जल एवं वैनगंगा नदी के पानी को मोड़कर उत्तर महाराष्ट्र और मराठवाड़ा ले जाना शामिल है। देश के 73वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के मौके पर मंत्रालय (महाराष्ट्र का राज्य सचिवालय) परिसर में तिरंगा फहराने के बाद वहां मौजूद लोगों को मुख्यमंत्री संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘जिनके घर और जीवन बाढ़ में तबाह हो गए हैं, मैं उन लोगों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि सरकार यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेगी कि उनका पुनर्वास रिकॉर्ड समय में किया जाए। फडणवीस ने कहा यह भी कहा कि लोगों का पुनर्वास एक चुनौती भरा काम है। उन्होंने कहा कि पुनर्वास योजना के त्वरित कार्यान्वयन के लिए 6,800 करोड़ रुपये के पैकेज को अंतिम रूप दिया गया है। बाढ़ से जूझ रहे महाराष्ट्र में अबतक बाढ़ और बारिश की वजह से 43 लोगों की जान चली गई है। राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों से अभी तक 4 लाख लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। राज्य में बाढ़ से हुई तबाही को देखते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सभी कैबिनेट मंत्रियों ने बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए अपना एक महीने का वेतन दान करने का फैसला किया है।