J&K: श्रीनगर में खोले गए 190 प्राइमरी स्कूल, आगे पाबंदियों में और ढील मिलने की संभावना

श्रीनगर
अनुच्छेद 370 खत्म किए जाने से उत्पन्न हालात के मद्देनजर जम्मू में 12 दिन बाद बहाल 2जी इंटरनेट सेवाएं एक दिन बाद ही रविवार को सुबह लगभग 11 बजे बंद कर दी गईं। वहीं दूसरी ओर सोमवार से श्रीनगर के 190 प्राइमरी स्कूल खुल गए हैं। उम्मीद है कि आगे पाबंदियों में और ढील दी जा सकती है। सरकार के प्रवक्ता तथा प्रमुख सचिव रोहित कंसल ने पत्रकारों को बताया कि रविवार को 50 थाना क्षेत्रों में ढील दी गई। ढील की अवधि भी छह घंटे से बढ़ाकर आठ घंटे कर दी गई। जम्मू संभाग के पांच जिलों-जम्मू, सांबा, कठुआ, उधमपुर तथा रियासी में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद की गई हैं। आईजी मुकेश सिंह ने बताया कि 2जी सेवा अस्थायी रूप से कुछ तकनीकी दिक्कतों की वजह से बंद की गई है। जल्द से जल्द सेवा को बहाल किया जाएगा। पहले बताया गया था कि यह फैसला अफ वाहों से बचने और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लिया गया है। इस बीच प्रशासन ने बताया है कि घाटी में पाबंदियों में और ढील दी गई है। कुल 50 थाना क्षेत्रों में रियायत दी गई है। शनिवार को 35 थाना क्षेत्रों में छूट दी गई थी। हालांकि, पहले अधिकारियों ने बताया था कि शनिवार को हिंसा की कुछ घटनाओं के बाद रविवार को शहर के कुछ हिस्सों में पाबंदियां कड़ी कर दी गईं। जगह-जगह नाके पर अतिरिक्त सतर्कता बरती गई।