महिलाओं तक नहीं पहुंच पा रही है कल्याणकारी योजनाएं : राज्यपाल

देहरादून
प्रदेश की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने महिला अपराधों के प्रति चिंता जाहिर करते हुए, स्पष्ट शब्दों में कहा है कि केंद्र और राज्य सरकार महिला कल्याण के लिए कई अहम योजनाएं चला रही हैं, लेकिन असल जरूरतमंद तक योजनाएं नहीं पहुंच पा रही हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिला को संरक्षण देना हमारा पहला कर्तव्य है। राजभवन में ‘महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण’ विषय पर सभी विभागों की महिला अधिकारी और कर्मचारियों के लिए कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि पिछले दिनों प्रदेश की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास राज्यमंत्री रेखा आर्य ने उन्हें महिलाओं और बालिकाओं के लिए चलाई जा रही कई योजनाओं के बारे में जानकारी दी थी।
इसी तरह केंद्र सरकार भी कई योजनाएं चला रही हैं, लेकिन उक्त योजनाओं का लाभ पूरी तरह से जरूरतमंद को नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिलाओं से संबंधित सभी हेल्पलाइन सभी स्कूलों में दर्ज किए जाएं, साथ ही प्रत्येक सप्ताह पुलिस अधिकारी स्कूलों में जाकर छात्राओं को इस बारे में जागरुक करें। विधि सलाहकार राज्यपाल कहकशां खान, प्रमुख वन संरक्षक रंजना काला ने भी विचार व्यक्त किए। इस मौके पर डीआईजी ऋद्धिम अग्रवाल, अपर सचिव झरना कमठान, डॉ. सरोज नैथानी और पल्लवी गुप्ता ने अपने विभाग से संबंधित प्रस्तुतिकरण दिया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों से भाग लिया।