भारत और रूस के बीच रक्षा समेत अन्य क्षेत्र में हुए 15 समझौते

मास्को
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को दो दिवसीय रूस दौरे पर पहुंचे। यहां व्लादिवोस्तोक में पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। दोनों नेता बेहद गर्मजोशी से गले मिले। शिप बिल्डिंग कॉम्प्लेक्स का दौरा करने के लिए एक साथ दोनों निकले। यहां दोनों एक साथ बोट में बैठकर रवाना हुए। इस दौरान पीएम मोदी ने साझा प्रेस वार्ता में कहा कि पुतिन मेरे परम मित्र हैं। उन्होंने मित्र पुतिन कहकर आमंत्रण देने का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा, दोस्ती का सफर तेजी से बढ़ रहा है। हम अपने अंतरिक्ष यात्रियों को ट्रेन करने के लिए रूस की मदद लेंगे। पुतिन ने भारत को अपना खास साथी बताया। उन्होंने कहा कि भारत और रूस के बीच रक्षा और व्यापार क्षेत्र में कई समझौते पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत बीस से ज्यादा पॉवर यूनिट बनाए जाएंगी। भारत के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के मामले में कई अहम समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस तरह से भारत और रूस के बीच संबंध लगातार मजबूत होते जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ईस्टर्न इकोनॉमिक फोरम की बैठक शामिल होने यहां पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने व्लादिवोस्तोक में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। पीएम मोदी ने पुतिन से कहा कि पूर्वी आर्थिक मंच के लिए आपका निमंत्रण मेरे लिए बहुत सम्मान की बात है। भारत और रूस के संबंध पुराने और मजबूत हैं। हमने कई मुद्दों पर रूस से बातचीत की है।
ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमति बनी है। मैं कल पूर्वी आर्थिक मंच में भाग लेने का इंतजार कर रहा हूं। भारत-रूस डिफेंस, कृषि, टूरिज्म, ट्रेड में आगे बढ़ रहे हैं। स्पेस में हमारा सहयोग लगातार आगे बढ़ रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत ऐसा अफगानिस्तान देखना चाहता है जो स्वतंत्र, शांत और लोकतांत्रिक हो। हम दोनों किसी देश के आंतरिक मामले में बाहरी दखल के खिलाफ हैं। अगले साल भारत-रूस मिलकर टाइगर कन्जर्वेशन पर बड़ा फोरम करने में सहमत हुए हैं।