कश्मीर में लोगो की हालात जानवरों से बदतर, कर्फ्यू हटने पर होगा खून खराबा: पाक पीएम

नई दिल्ही/यूएन
पाकिस्तानी पीएम इमरान खान ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में फिर कश्मीर राग अलापा है। इमरान ने भारत पर शिमला समझौते और भारतीय संविधान के उल्लंघन का आरोप लगाया। कहा, मोदी सरकार ने गैरकानूनी तरीके से कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किया। 80 लाख लोगों को जबरन कर्फ्यू लगाकर घरों में कैद किया गया है। हजारों युवा गायब हैं। लोग जानवरों से बदतर हालात में हैं। घाटी से कर्फ्यू हटने पर खून खराबा होगा। कश्मीरी ज्यादा कट्टर होंगे। पुलवामा जैसे हमले होंगे और भारत हम पर दोष मढ़ेगा। इमरान ने कश्मीर को इस्लाम से जोड़ते हुए कहा, वहां जो हो रहा है, वह मुस्लिमों को हथियार उठाने के लिए उकसाने वाला है। भारत के 18 करोड़ मुस्लिम कश्मीर के चलते कट्टरता की ओर बढ़ेंगे। दुनिया के 1.3 अरब मुस्लिम भी देख रहे हैं। अगर किसी समुदाय के लोगों को ऐसे बंधक बनाकर रखा जाएगा तो बाकी लोगों पर क्या असर होगा। वे हथियार उठाएंगे और ऐसा इस्लाम की वजह से नहीं, बल्कि मुस्लिमों पर अन्याय के कारण होगा। इमरान ने युद्ध की गीदड़भभकी देते हुए कहा, अगर हम परमाणु युद्ध की ओर बढ़ते हैं तो संयुक्त राष्ट्र इसका जिम्मेदार होगा। आपको इसे रोकना होगा। इसलिए 1945 में संयुक्त राष्ट्र का गठन किया गया था। अगर दोनों देशों के बीच परंपरागत युद्ध होता है तो कुछ भी हो सकता है। कोई देश पड़ोसी देश के मुकाबले छोटा है तो उसके सामने दो ही रास्ते होते हैं या सरेंडर करना या लड़ते हुए मरना। हम आखिरी सांस तक लड़ेंगे।