शराब के दाम कम और सफर महंगा करने पर कांग्रेस का विरोध

देहरादून
उत्तराखंड में शराब के दाम 20 फीसदी तक घटाने का कांग्रेस ने पुरजोर विरोध करने का फैसला लिया है। 26 फरवरी के बाद कांग्रेस विरोध की रणनीति तय करेगी। गैरसैंण में प्रस्तावित बजट सत्र में भी कांग्रेस यह मुद्दा उठाएगी। वहीं आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने देहरादून, पिथौरागढ़ और हल्द्वानी सहित राज्य के कई इलाकों में राज्य में सफर महंगा करने और शराब सस्ती करने पर विरोध जताया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका।
देहरादून में एस्लेहॉल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। पिथौरागढ़ में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट में राज्य सरकार के इस फैसले के खिलाफ रोष जताते हुए प्रदर्शन किया। हल्द्वानी के बुद्धा पार्क में कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड सरकार का पुलता फूंका। देवस्थानम अधिनियम से लेकर प्रमोशन में आरक्षण को लेकर उलझी कांग्रेस को अब बैठे बिठाए एक और मुद्दा मिल गया है। मद्य निषेध आंदोलन प्रदेश में खासा पुराना है। ऐसे में दाम कम करने को शराब प्रमोट करने का आधार बनाकर कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की रणनीति बनाई है।
कांग्रेस इस समय प्रदेश में पार्टी संगठन को मजबूत करने और विपक्ष के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने की कोशिश में आह्वान अभियान में जुटी हुई है। कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के मुताबिक 26 फरवरी को हल्द्वानी में विकास खोजो पदयात्रा है। इसके बाद कांग्रेस शराब सस्ती करने के मामले को उठाएगी, सदन में भी सरकार से जवाब मांगा जाएगा।