ओडिशा में आठ तक आंधी के साथ बारिश की संभावना

भुवनेश्वर
ओडिशा के अधिकांश जिलों में आठ मार्च तक बिजली की गड़गड़ाहट के साथ आंधी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए आठ मार्च तक अधिकांश जिलों में येलो वार्निग जारी की गई है। खासकर तटीय ओडिशा में यह स्थिति और गंभीर होने वाली है। तटीय ओडिशा में कुछ जगहों पर आसमानी बिजली गिरने की संभावना अधिक है। इन जिलों में लोगों से सतर्क रहने के लिए मौसम विभाग की तरफ से सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार सुबह से ही राजधानी भुवनेश्वर के साथ पश्चिम ओडिशा में आसमान बादलों से ढक गया और तेज हवा के साथ बारिश भी हुई। राजधानी में सुबह के समय बूंदाबांदी होने से मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, क्योंझर, मयूरभंज के साथ बालेश्वर, कंधमाल, रायगड़ा, बौद्ध, सुंदरगढ़, कालाहांडी, ढेंकानाल तथा कटक जिला के कुछ इलाकों में पांच मार्च को आसमानी बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है।
आशंका यह भी है कि गुरुवार व शुक्रवार को हवा के गति के साथ बारिश भी अधिक होने की संभावना है। कंधमाल, बलांगीर, सोनपुर, बौद्ध, अनुगुल, सुंदरगढ़, ढेंकानाल, क्योंझर, मयूरभंज, कटक, जाजपुर, भद्रक जिलों में कुछ जगहों पर तूफानी बारिश हो सकती है। वज्रपात होने के साथ-साथ कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। उत्तर केंद्रीय ओडिशा, खुर्दा तथा नयागढ़ जिलों में गड़गड़ाहट के साथ आसमानी बिजली गिरने का पूर्वानुमान किया गया है।
कंधमाल, गंजाम, नयागढ़, बौद्ध, कटक, खुर्दा, ढेंकनाल, जाजपुर, भद्रक, केंद्रपाड़ा, मयूरभंज, बालेश्वर, केंदुझर तथा सुंदरगढ़ जिला में कुछ जगहों पर आसमानी बिजली गिर सकती है। इन जिलों में भी कुछ जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। आठ मार्च को तटीय ओडिशा के साथ मयूरभंज, क्योंझर, ढेंकानाल, रायगड़ा तथा कंधमाल जिला में कुछ स्थानों पर तूफानी बारिश होने की संभावना है। नौ मार्च से बारिश की मात्रा कम होगी।
मौसम विभाग की तरफ से कहा गया है कि आगामी दो तीन दिनों में तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं होगा। हालांकि इसके बाद दो से चार डिग्री तक तापमान गिर सकता है।