मुंबई से आज टकरा सकता है चक्रवात

मुंबई से आज टकरा सकता है चक्रवात
Spread the love

मुंबई में आज दोपहर पहुंचेगा चक्रवाती तूफान निसर्ग
चक्रवात तूफान निसर्ग के आज दोपहर महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग पहुचंने की संभावना है। यह तूफान आज सुबह यहां से 215 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम तथा रायगढ़ से करीब 165 किमी दक्षिण- दक्षिणपूर्व में अरब सागर के ऊपर फैला हुआ था।

एनडीआरएफ ने बताया कि थाल, अलीबाग, रायगढ़ से सुरक्षित निकाले गए 1,500 नागरिकों को एक आश्रय स्थल में रखा गया है।

मुंबई में धारा 144 लागू
मुंबई के पुलिस आयुक्त कार्यालय ने चक्रवात निसर्ग के मद्देनजर कहा, ‘शहर में चक्रवाती स्थितियों को देखते हुए सीआरपीसी की धारा 144 के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं, ताकि लोगों के जीवन, स्वास्थ्य या सुरक्षा को कोई खतरा न हो।’ वहीं बृहन्मुंबई नगर पालिका ने कहा, ‘ये जरूरी है कि आप भारी बारिश के दौरान अपने घर के अंदर रहें लेकिन यदि कुछ अपरिहार्य कारणों की वजह से आपको अपनी कार चलाने की आवश्यकता पड़ती है तो, कृपया ये सुनिश्चित करें कि आप हथौड़ा या ऐसी वस्तुओं को साथ लेकर जाएं जो आपकी कार के दरवाजों के जाम होने की स्थिति में कांच को तोड़ने में आपकी मदद कर सकती हैं।’

90-100 किमी प्रति घंटे हुई हवा की रफ्तार
चक्रवात निसर्ग पहले से और ज्यादा तेज हो गया है। हवा की गति 85-95 किमी प्रति घंटे से बढ़कर 90-100 किमी प्रति घंटे हो गई है, जो 110 मील प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रही है। यह जानकारी भारत सरकार ने दी है।

डॉक्टर हर्षवर्धन ने लोगों को दी घर के अंदर रहने की सलाह
पृथ्वी विज्ञान मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा, ‘चक्रवात निसर्ग गंभीर तूफान में बदल गया है। यह 5.30 बजे पूर्वी अरब सागर से लगभग 165 किमी दक्षिण-पश्चिम में अलीबाग और मुंबई से 215 किमी दक्षिण में केंद्रित हो गया। तटीय कर्नाटक, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में अगले कुछ घंटों में भारी बारिश होने की संभावना है। लोगों को घर के अंदर रहने की सलाह दी जाती है, लेकिन निचले इलाकों से लोगों को निकाला जाएगा। मैं मछुआरों को सलाह देता हूं कि वे पूर्व-पूर्वी और पूर्वोत्तर अरब सागर में और कर्नाटक-गोवा-महाराष्ट्र-दक्षिण गुजरात तट पर और उसके आसपास के क्षेत्रों में परिचालन को स्थगित करें।’

विजयवाड़ा से मुंबई पहुंची एनडीआरएफ की टीमें
एनडीआरएफ की टीमें आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा से महाराष्ट्र के मुंबई के लिए रवाना हो गईं, जहां वे चक्रवात निसर्ग के मद्देनजर अपनी ड्यूटी करेंगे।

गुजरात पहुंची एनडीआरएफ की टीम
एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम गुजरात के खंबाट तट पर आज सुबह पहुंच गई।

रायगढ़ तट पर पहुंची एनडीआरएफ की टीम
एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने बताया कि एनडीआरएफ की टीमें आज सुबह रायगढ़ तट पर पहुंच गई हैं।

रेलवे ने पांच ट्रेनों को किया रिशेड्यूल
चक्रवात निसर्ग के मद्देनदर भारतीय रेलवे ने मुंबई टर्मिनल से रवाना होने वाली पांच ट्रेनों को रिशेड्यूल कर दिया है। जबकि दो ट्रेनें जो मुंबई टर्मिनल पर आने वाली थीं, उन्हें विनियमित किया जाएगा और एक ट्रेन को डायवर्ट किया गया है।

दहानू, पालघर पहुंची एनडीआरएफ की टीमें
एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने कहा कि एनडीआरएफ की टीमें आज तड़के दहानू, पालघर तट पर पहुंच गई हैं।

उत्तरी महाराष्ट्र के तट पर पहुंचेगा तूफान निसर्ग
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि चक्रवात निसर्ग पिछले छह घंटों के दौरान 13 किमी प्रति घंटे की गति के साथ उत्तरी महाराष्ट्र के तट पर पहुंचेगा। यह अलीबाग से 155 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और मुंबई से 200 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में है।

पालघर में एनडीआरफ के जवानों की तैनाती
महाराष्ट्र के पालघर के केलवा गांव में समुद्र तट निर्जन हैं। इस क्षेत्र में एनडीआरएफ के जवानों को तैनात किया गया है। माना जा रहा है कि चक्रवात निसर्ग आज अलीबाग पहुंच सकता है।

कोलिवाडा और अलीबाग से लोगों को बाहर निकाला
एनडीआरएफ की टीमों ने निसर्ग तूफान के मद्देनजर महाराष्ट्र के कोलिवाडा और अलीबाग से बुधवार सुबह लोगों को बाहर निकाला। इसकी जानकारी एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने दी।

अचानक हवा की रफ्तार बढ़ी
मौसम विभाग के अनुसार सांताक्रूज़ (मुंबई) में अचानक हवाओं की गति बढ़ गई। यहां 22 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं।

प्रशासन समेत एनडीआरएफ मुस्तैद
तूफान को देखते हुए महाराष्ट्र में एनडीआरएफ की 20 टीमों को तैनात किया गया है। जिसमें मुंबई में 8 टीमें,  रायगढ़ में 5 , पालघर में  2 टीमें, ठाणे में 2 टीमें, रत्नागिरी – 2 टीमें और सिंधुदुर्ग में 1 टीम तैनात की गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक चक्रवात निसर्ग 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ उत्तरी महाराष्ट्र तट की ओर आ रहा है। यह अलीबाग से लगभग 200 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम और मुंबई से 250 किमी दक्षिण-पश्चिम में है।

मुंबई में आज दोपहर पहुंचेगा चक्रवाती तूफान निसर्ग, 90-100 किमी प्रति घंटा हुई हवा की रफ्तार
चक्रवाती तूफान निसर्ग ने अपना रुख मुंबई की तरफ कर लिया है और अब यह तेजी से बढ़ा चला आ रहा है। ऐसे में अब इसका असर महाराष्ट्र के कई जिलों में दिखना शुरू हो गया है। यहां मुंबई, पालघर, अलीबाग और ठाणे में देर रात से बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार, तूफान ‘निसर्ग’ सुबह मुंबई से 94 किलोमीटर दूर अलीबाग के तट से आज टकराएगा। बड़े पैमाने पर तबाही की आशंका को देखते हुए सरकार और प्रशासन की तरफ से तैयारियों को बढ़ा दिया गया है। महाराष्ट्र, गुजरात, केंद्र शासित दमन-दीयू, दादरा और नगर हवेली में लोगों की सुरक्षा के लिए तगड़े इंतजाम किए गए हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र के रायगढ़ और पालघर में पड़ने वाले न्यूक्लियर और केमिकल संयंत्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी जरूरी तैयारियां की गई हैं। बता दें कि इसे रास्ते से यह तूफान आगे बढ़ेगा।

कोरोना महामारी से लड़ रहा देश 15 दिन में दूसरी बार भयावह तूफान का सामना कर रहा है। इसकी गंभीरता को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तूफान से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया है। उन्होंने ट्वीट कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। दूसरी ओर, महाराष्ट्र और गुजरात में एनडीआरएफ की 33 टीमें तैनात की गई हैं।

भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को कहा, अरब सागर से उठे निसर्ग की रफ्तार आखिरी 12 घंटों में 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। बुधवार को यह मुंबई से करीब 110 किलोमीटर दूर तट से टकराएगा। इस दौरान मुंबई में मूसलधार बारिश के साथ समुद्र में दो मीटर ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी गई है। इससे निचले इलाके में बाढ़ की आशंका है। इसे देखते हुए एनडीआरएफ के साथ ही नौसेना, तटरक्षक बल समेत तमाम एजेंसियों को मुस्तैद किया गया है।

मुंबई, ठाणे, पालघर, रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में रेड अलर्ट जारी किया गया है। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी से उठे अम्फान ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा और बांग्लादेश में तबाही मचाई थी। हालंकि, निसर्ग को अम्फान से कम खतरनाक बताया जा रहा है।

129 साल बाद मुंबई तट पर चक्रवात

129 साल बाद मुंबई के समुद्री तट पर चक्रवात आ रहा है। मौसम विभाग के साइक्लोन ई-एटलस के अनुसार 1891 में समुद्री तूफान आया था। उसके बाद पहली बार अरब सागर में महाराष्ट्र के तटीय इलाके के आसपास समुद्री तूफान की स्थिति बनी है।

 

Admin

Admin

9909969099
Right Click Disabled!