पैदल जाएंगे मां वैष्णो के भक्त

वैष्णो देवी यात्रा शुरू कराने के लिए श्राइन बोर्ड ने तैयारी शुरू कर दी है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बरकरार रखते हुए यात्रा कैसे शुरू कराई जाए इस पर लगातार मंथन हो रहा है। इसके तहत इस बात पर भी जोर दिया जा रहा है कि पहले चरण में सिर्फ स्थानीय और पैदल यात्रियों को ही दर्शन करने का मौका दिया जाए।
केंद्र सरकार ने आठ जून से सभी धार्मिक स्थलों को खोलने की घोषणा की है। ऐसे में इस बात की संभावना अधिक है कि वैष्णो देवी यात्रा मध्य जून से शुरू की जा सकती है। हालांकि इस पर आधिकारिक फैसला श्राइन बोर्ड के चेयरमैन उप राज्यपाल गिरीश चंद्र मुर्मू ही करेंगे।
श्राइन बोर्ड ने इस महीने के शुरू में ही यात्रा शुरू करने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। श्राइन बोर्ड के सभी स्टाफ को ड्यूटी पर बुला लिया गया है। सामाजिक दूरी के साथ यात्रा शुरू करने को लेकर प्रमुख स्थानों पर निशान बनाने और सैनिटाइजिंग टनल बनाने का काम जारी है। यात्रा के प्रमुख द्वारों पर थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही भक्तों को आगे बढ़ने की अनुमति मिलेगी।