गूगल ने खरगोश के प्रतीक के जरिए दी शुभकामनाएं

हर विशेष मौके पर डूडल बनाकर संदेश देने वाले विश्व के अग्रणी सर्च इंजन गूगल ने Valentines Day 2022 के मौके पर भी यह भूमिका निभाई है। अपने डूडल में हैमस्टर्स (Hamsters) के जोड़े के प्रतीक के जरिए गूगल ने दुनिया को प्यार का संदेश दिया है। यह उस खरगोश युगल के फिर एक होने का संदेश दे रहा है, जो किसी भुलभुलैया में अलग हो गए थे। गूगल ने इस जोड़े को अपने लोगो के साथ प्रस्तुत किया है।
दुनिया को प्यार का संदेश देने वाले संत वैलेंटाइन की याद में मनाया जाने वाला यह पर्व पूरे विश्व के प्रेमी युगल खासतौर से मनाते हैं। इसे प्यार के इजहार करने का दिन माना जाता है। फरवरी वसंत ऋतु के आगाज का महीना होता है और इस दौरान प्रकृति रंगीन मौसमी फूलों के जरिए अपनी अनुपम छटा बिखेरती है। इन फूलों के माध्यम से प्रकृति समूची दुनिया को प्यार और शांति का संदेश देती है।
वैलेंटाइन डे कोई भी एक-दूसरे के लिए प्रेम प्रदर्शित कर मना सकता है। शायद इसी पर्व के लिए जिगर मुरादाबादी ने यह शेर लिखा है- ‘ इक लफ़्ज़े-मोहब्बत का अदना ये फ़साना है, सिमटे तो दिल-ए-आशिक़ फैले तो ज़माना है’। यह पर्व प्रेमी युगलों के लिए तो खास है ही, लेकिन इसे अपनी सोच के विस्तार के जरिए ‘वसुधैव कुटुंबकम’ तक फैलाया जा सकता है।