आंध्र प्रदेश के नए राज्यपाल के रूप में बिस्वभूषण हरिचंदन ने ली शपथ

विजयवाड़ा
बिस्वभूषण हरिचंदन ने आंध्र प्रदेश के नए राज्यपाल के रूप में शपथ ली। आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सी प्रवीण कुमार ने विजयवाड़ा में अस्थाई राजभवन में एक कार्यक्रम में राज्यपाल को पद की शपथ दिलाई। शपथ लेने से पूर्व हरिचंदन ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर में दर्शन भी किया था। आंध्र प्रदेश में जिस परिसर को पहले मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था, उसे नए राज्यपाल के लिए राजभवन के रूप में तब्दील किया गया है। हरिचंदन जून 2014 में प्रदेश के विभाजन के बाद राज्य के दूसरे राज्यपाल और आंध्र प्रदेश के लिए खासतौर से नियुक्त किए गए पहले राज्यपाल हैं। आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी, उनके मंत्रिमंडल के सहयोगी, विधायक, मुख्य सचिव एल वी सुब्रह्मण्यम और वरिष्ठ नौकरशाह शपथग्रहण समारोह में शामिल हुए। हरिचंदन (85) ओडिशा के एक स्वतंत्रता सेनानी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने 1961 में ओडिशा उच्च न्यायालय के एक वकील के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी और 1971 में भारतीय जनसंघ में शामिल हो गए थे। वह 1980 में बीजेपी में शामिल हुए और ओडिशा प्रदेश इकाई के अध्यक्ष बने।